‘माँ का दूध, दोस्तों ये दो शब्द हमारे जीवन के सबसे पवित्र, पौष्टिक और प्रेमपूर्ण बंधन के प्रतीक हैं। भारतीय सनातन संस्कृति में सदियों से स्तनपान (Breastfeeding) को केवल शिशु आहार के रूप में ही नही देखा जाता, बल्कि यह बालक के सम्पूर्ण विकास, स्वास्थ्य और माँ-बच्चे के बीच गहरे भावनात्मक व आत्मिक जुड़ाव का आधार माना गया है। चरक संहिता जैसे प्राचीन आयुर्वेदिक ग्रंथों में भी माता के दूध को ‘अमृततुल्य’ अमृत के समान और शिशु के लिए अतुलनीय संपूर्ण आहार बताया गया है।
आज आधुनिक विज्ञान भी इस प्राचीन ज्ञान की पुष्टि करता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और यूनिसेफ जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं जन्म के पहले घंटे के भीतर ही स्तनपान शुरू करने और पहले 6 महीने तक केवल स्तनपान (Exclusive Breastfeeding) की सिफारिश करती हैं। भारत में मात्र 45% शिशु ही जन्म के पहले घंटे में स्तनपान शुरू कर पाते हैं, और 6 महीने तक शुद्ध स्तनपान (Exclusive Breastfeeding) दर 56% से कम है, जबकि WHO 100% लक्ष्य की अनुशंसा करता है, जिसे बालक के जीवन की सबसे प्रभावी स्वास्थ्य और विकास से संबंधित रणनीतियों में से एक माना जाता है।
Breastfeeding के प्रति लोगो को जागरूक करने के लिए पुरे विश्व में 1st अगस्त से 7th अगस्त तक Breastfeeding week मनाया जाता है। इस समय इस लेख को लिखने का एक कारण World Breastfeeding Week 2025 भी है आज से ही स्टार्ट हो रहा है।
आइए, आज हम इस लेख में स्तनपान के फायदे (Benefits of Breastfeeding) को गहराई से समझेंगे, केवल सिर्फ शिशु के लिए ही नही, बल्कि माँ के लिए भी। साथ में यह भी जानेंगे कि सफल स्तनपान के लिए जरूरी तकनीक (Breastfeeding Techniques for Newborn) क्या हैं और सही पोजीशन कौन-कौन सी हैं, और कुछ आसान टिप्स (Breastfeeding Tips), और उन मिथकों और भ्रांतियों को भी दूर करने का प्रयास करेंगे, जो अक्सर नई माताओं को परेशान करती हैं। माताएँ अक्सर सही जानकारी और सामाजिक परिवारिक सहयोग के अभाव में चुनौतियों का सामना करती हैं। यह लेख उनके लिये एक सर्वसमावेशी मार्गदर्शिका है।
तो चलिए, शुरुआत करते हैं प्रकृति के इस अद्भुत उपहार कोलोस्ट्रम (Colostrum) से, जो स्तनपान के महत्व को रेखांकित करने की यात्रा का पहला और सबसे महत्वपूर्ण स्टेप है।
List of Contents
कोलोस्ट्रम: जीवन का पहला सुरक्षा कवच (Colostrum: The Liquid Gold)
शिशु के जन्म के बाद पहले कुछ दिनों तक माँ के स्तनों से निकलने वाला एक गाढ़ा पीले रंग का या सुनहरे रंग का दूध ही कोलोस्ट्रम (Colostrum) कहलाता है। इसे Liquid Gold कहना कतइ भी अतिशयोक्ति नही होगी। हमारे आयुर्वेद में तो इसे ‘पीयूष और बालामृत’ कहा गया है।
कोलोस्ट्रम के फायदे (Colostrum Benefits)
International Journal of Research in Medical Sciences (IJRMS) के अनुसार शहरी क्षेत्रों में 21% माताओं ने कोलोस्ट्रम त्याग दिया था जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह 29.5% था। यह रिपोर्ट दिखाती है कि कोलोस्ट्रम के महत्व और फायदों को अभी भी सही तरह से नहीं जानती हैं। आइए इसके फायदों पर एक नजर डालते हैं-
- Powerful immunity booster Colostrum- यह अमृत तुल्य द्रव्य, प्रोटीन और एंटीबॉडीज खासकर IgA, Growth Factors, Vitamin A, से भरपूर होता है, जो कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करके बालक को अनेक प्रकार के संक्रमणों और बिमारियों, जैसे कि दस्त, निमोनिया, कान के संक्रमण इत्यादि से बचाता है। यह New born baby की आंतों की परत को सील करके हानिकारक रोगाणुओं से रक्षा करने वाली एक सुरक्षात्मक परत बनाता है। पहली खुराक के रूप में कोलोस्ट्रम का सेवन शिशु मृत्यु दर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
- Complete source of nutrition- यह गाढ़ा तरल पदार्थ प्रोटीन, विटामिन (खासकर विटामिन A और K), खनिज लवण और Growth Factors से भरपूर होता है, जो शिशु के जल्दी से बढ़ते शरीर और मस्तिष्क के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण और जरूरी है।
- Meconium (नवजात शिशु का पहला मल) निकालने में मदद- एक Colostrum benefit यह है कि यह शिशु की आंतों को उत्तेजित करके उसके पहले मल (मेकोनियम) को निकालने में बहुत हेल्प करता है, जिसमें Bilirubin होता है। इसके नवजात शिशु के अन्दर बने रहने से Neonatal Jaundice का खतरा बना रहता है। Colostrum का सेवन इस खतरे को कम करता है।
- पचने में आसान- मां का पहला दूध ‘कोलोस्ट्रम’ बड़ा ही आसानी से पचने वाला पदार्थ होता है और यह नवजात शिशु के छोटे से पेट की क्षमता के बिल्कुल अनुकूल होता है, जिसमें संपूर्ण पौष्टिक आहार के सभी गुण होते हैं।
माताएं ध्यान रखें: Colostrum (खीस) थोड़ी मात्रा में होने के बावजूद भी आपके बेबी के लिए प्रारम्भिक दिनों में सबसे जरूरी भोजन और दवा है। इसे बर्बाद न होने दें, नवजात शिशु को जरूर पिलाएं।
शिशु के लिए स्तनपान एक सम्पूर्ण स्वास्थ्य बीमा (Benefits of Breastfeeding for the Baby)
स्तनपान शिशु के लिए केवल पेट भरने का साधन मात्र नही है बल्कि यह उसके जीवन भर के स्वास्थ्य की नींव मजबूत करता है। आइए जानते हैं कि शिशु के लिए ब्रेस्टफीडिंग के क्या-क्या बेनिफिट्स हैं-
अतुलनीय पोषण- माँ का दूध शिशु की उम्र और जरूरतों के हिसाब से अपनी संरचना बदलता है। इसमें सभी महत्वपूर्ण पोषक तत्वों जैसे कि प्रोटीन, वसा, कार्बोहाइड्रेट, विटामिन, खनिज और पानी का सही और आसानी से पचने वाला संतुलन होता है, जोकि शिशु का सर्वांगीण विकास करता है। बालक के मस्तिष्क विकास, खासकर रेटिना और तंत्रिका तंत्र के विकास के लिए, यह सभी महत्वपूर्ण फैटी एसिड (DHA, AA) से भरपूर होता है। WHO मां के दूध को शिशु के लिए आदर्श भोजन के रूप में मान्यता देता है। अगर देखा जाये तो यह एक super food है जो हर बच्चे के लिए जरुरी होता है।
रोग प्रतिरोधक क्षमता का विस्फोट- माँ का दूध जीवित कोशिकाएं (श्वेत रक्त कोशिकाएं), एंटीबॉडीज, एंजाइम्स और हार्मोन्स से भरपूर होता है जो शिशु को निम्नलिखित बिमारियों से बचाते हैं-
- श्वसनतंत्र के संक्रमण (सर्दी-जुकाम, ब्रोंकाइटिस, निमोनिया) इत्यादि से।
- कान के संक्रमण (ओटिटिस मीडिया) से।
- आंतों में होने वाले संक्रमण और दस्त (गैस्ट्रोएंटेराइटिस) से।
- मूत्र मार्ग के संक्रमण और एलर्जी, अस्थमा और एक्जिमा के जोखिम से।
- इनके अलावा मां का दूध शिशु को अचानक होने वाले शिशु मृत्यु सिंड्रोम (SIDS) के जोखिम भी बचाता है। कई अध्ययन (जैसे Pediatrics जर्नल में प्रकाशित) दिखाते हैं कि स्तनपान SIDS के खतरे को भी लगभग 50% तक कम कर सकता है।
कुछ दीर्घकालिक स्वास्थ्य लाभ
फैटी होने खतरे को कम करना- सही से ब्रेस्टफीडिंग करने वाले शिशुओं को आगे जाकर जीवन में मोटापे और (टाइप 1) व (टाइप 2) डाइबिटीज (मधुमेह) का खतरा कम हो जाता है।
हृदय स्वास्थ्य- जिन व्यक्तियों ने अपने शिशुकाल में खूब स्तनपान किया होता है उनके रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल के स्तर पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
मानसिक विकास में वृद्धि- कुछ अध्ययन breastfeeding और उच्च IQ के बीच संबंध को प्रदर्शित करते हैं, हालांकि अन्य कारकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
स्वाद विकास- माना जाता है कि माँ जो खाती है उस आहार का स्वाद दूध में आता है, जिससे शिशु को भी विभिन्न स्वादों से परिचित होने में मदद मिलती है, जिससे बच्चे को ठोस आहार शुरू करने में फायदा मिलता है।
सुरक्षा और भावनात्मक बंधन- स्तनपान के दौरान शिशु माँ के शरीर की गर्माहट, धड़कन और गंध को महसूस करता है। बच्चे के साथ यह शारीरिक निकटता गहरे भावनात्मक बंधन को बढ़ावा देती है, जिससे बालक को सुरक्षा और सुकून का अहसास होता है। यह बच्चे के मानसिक और भावनात्मक विकास के लिए बहुत जरूरी होता है।
Benefits of Breastfeeding for Mother | माँ को भी मिलते हैं जबरदस्त लाभ
Breastfeeding केवल शिशु के लिए ही लाभकारी और जरूरी नही होती है, बल्कि यह जननी (माँ) के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी बहुत जरूरी है। आइए आपको बताते हैं कि क्यों जरूरी है एक माँ के लिए स्तनपान।
10 बातें जो बताती हैं, माँ के लिए क्यों जरूरी है शिशु को दूध पिलाना? (10 Importance of Breastfeeding to the Mother)

1. Postpartum hemorrhage को कम करता है- Breastfeeding कराने से जननी के शरीर में ऑक्सीटोसिन हार्मोन बनता है, जो गर्भाशय के सिकुड़ने में मददगार बनता है। ब्रेस्टफीडिंग की प्रक्रिया प्रसव के बाद होने वाले रक्तबहाव को कम करने और गर्भाशय को उसके सामान्य आकार में तेजी से लौटने में हेल्प करता है।
2. Pregnancy के दौरान बढ़े वजन को घटाने में सहायक- ब्रेस्टफीडिंग एक कैलोरी-बर्न करने वाली प्रक्रिया है। एक माँ का शरीर प्रतिदिन दूध बनाने के लिए लगभग 500 अतिरिक्त कैलोरी बर्न करता है, जो धीरे-धीरे और स्वाभाविक रूप से गर्भावस्था के दौरान बढ़े हुए वजन को कम करने में मददगार साबित हो सकता है।
3. टाइप 2 डाइबिटीज के खतरे को कम करता है- स्तनपान इंसुलिन संवेदनशीलता में सुधार करता है। जो माताएं अपने बच्चों को स्तनपान कराती हैं, उनमें बाद के जीवन में टाइप 2 डाइबिटीज होने का खतरा कम सकता है।
4. स्तन कैंसर और ओवेरियन कैंसर का जोखिम कम करता है- स्तनपान की कुल अवधि जितनी ज्यादा लंबी होती है, स्तन कैंसर और ओवरी के कैंसर का खतरा भी उतना ही कम होता जाता है। यह एस्ट्रोजन हार्मोन के स्तर को प्रभावित करके और स्तन के ऊतकों में होने वाले परिवर्तनों के कारण हो सकता है। अमेरिकन इंस्टीट्यूट फॉर कैंसर रिसर्च इसकी पुष्टि करता है।
5. स्तनपान कराना हृदय रोगों का जोखिम कम करता है- स्तनपान कराने वाली माताओं में high blood pressure, उच्च कोलेस्ट्रॉल और हृदय रोगों का जोखिम कम देखा गया है।
6. यह रूमेटाइड आर्थराइटिस का जोखिम कम करता है- कुछ अध्ययनों से पता चला है कि स्तनपान कराने वाली महिलाओं में रूमेटाइड आर्थराइटिस होने की संभावना बहुत हद तक कम हो सकती है।
7. प्राकृतिक गर्भनिरोधक (कुछ हद तक)- विशेष रूप देखा गया है कि पहले 6 महीनों में, जब शिशु केवल स्तनपान पर निर्भर हो (और मासिक धर्म वापस न आया हो), तो स्तनपान एक प्राकृतिक गर्भनिरोधक (लैक्टेशनल एमेनोरिया मेथड – LAM) का काम कर सकता है। हालाँकि, यह 100% विश्वसनीय नहीं है और अन्य गर्भनिरोधकों के साथ परामर्श जरूरी है।
8. हड्डियों का स्वास्थ्य- हालांकि स्तनपान के दौरान हड्डियों का घनत्व थोड़ा कम हो सकता है, लेकिन शोध बताते हैं कि स्तनपान बंद करने के बाद यह घनत्व सामान्य से भी बेहतर हो सकता है, जिससे ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा कम हो सकता है।
9. आर्थिक और सुविधाजनक- माँ का दूध हमेशा उपलब्ध होता है, सही तापमान पर, बिल्कुल ताजा और बिल्कुल मुफ्त होता है! फॉर्मूला दूध, बोतलें, स्टरलाइजेशन उपकरणों पर होने वाले खर्च से मुक्ति मिलती है। यह कहीं भी, कभी भी शिशु को दिया जा सकता है।
10. मानसिक स्वास्थ्य लाभ- स्तनपान के दौरान निकलने वाले हार्मोन (जैसे ऑक्सीटोसिन और प्रोलैक्टिन) माँ को शांत, तनावमुक्त और शिशु के प्रति सकारात्मक भावनाओं से भरपूर महसूस कराने में मदद करते हैं। यह प्रसवोत्तर अवसाद (Postpartum Depression) के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकता है, और साथ में यह शिशु के साथ माता का गहरा जुड़ाव आत्मविश्वास बढ़ाता है।
सफल स्तनपान के लिए कुछ जरूरी बातें जो ब्रेस्टफीडिंग आसान बनाती हैं
सही पोजीशन (Positioning)- माँ आरामदायक स्थिति में बैठे या लेटे (पीठ को सहारा दें)। शिशु का पूरा शरीर माँ की ओर मुंह किए हुए, कान, कंधे और कूल्हे एक सीध में होने चाहिए। शिशु की ठोड़ी स्तन को छूनी चाहिए, नाक स्तन के सामने होनी चाहिए। कॉमन पोजीशन्स हो सकती हैं जैसे क्रैडल होल्ड, क्रॉस-क्रैडल होल्ड, फुटबॉल होल्ड, साइड-लाइंग पोजीशन इत्यादि।
शिशु का स्तन से जुड़ाव (Latching)- यह सबसे महत्वपूर्ण है! शिशु का मुँह खुला होना चाहिए (जैसे जम्हाई ले रहा हो)। माँ शिशु को स्तन की ओर लाएं, निप्पल की ओर नहीं। शिशु को निप्पल और अधिकांश एरिओला (स्तन के गहरे रंग का घेरा), विशेषकर नीचे वाला हिस्सा, अपने मुँह में लेना चाहिए। ऊपरी होंठ निप्पल से दूर, निचला होंठ नीचे की ओर मुड़ा होना चाहिए। ठोड़ी स्तन से सटी हो।
सही Latching के संकेत- बेबी का मुँह चौड़ा खुला होगा। उसकी ठोड़ी स्तन को छू रही होगी। उसके गाल गोल दिखेंगे (अंदर धंसे हुए नहीं)। निचला होंठ बाहर की ओर मुड़ा होगा। जब शिशु दूध पी रहा होगा तो आपको सुनाई देगी गहरी घूंट लेने की आवाज। स्तनपान के बाद बच्चा बिलकुल संतुष्ट और आराम महसूस करेगा। इस प्रोसेस में माँ को दर्द नहीं होना चाहिए, लेकिन कई बार हल्का खिंचाव शुरू में हो सकता है, परन्तु तेज दर्द का होना गलत Latching का संकेत है।
खूब दूध बनना- अगर माँ हर बार शिशु की मांग पर स्तनपान कराती है, तो खूब दूध बनने लगता है। माँ को ध्यान रखना होता है कि शिशु जब भी भूखा होने का संकेत दे, जैसे होंठ चाटना, मुँह खोलना, हाथ मुँह में ले जाना, रोना इत्यादि तो उसे तुरंत ब्रेस्टफीडिंग कराये। यही दूध उत्पादन बढ़ाने का सबसे अच्छा तरीका है। दोनों स्तनों से बारी-बारी से कराएं। शिशु को एक स्तन को खाली करने दें, फिर उसके बाद ही उसको दूसरा ऑफर करें।
10 Tips for Successful Breastfeeding – सफल स्तनपान के लिए जरूरी
1. जन्म के बाद स्तनों से बेबी का पहला संपर्क- जन्म के तुरंत बाद लगभग पहले घंटे के दौरान नग्न बेबी को माँ की नग्न छाती पर लिटाएं (Skin-to-Skin newborn and mom’s Contact)। इस प्रकार माँ और संतान का टच प्राकृतिक रूप से स्तनपान प्रतिक्रिया को शुरू करता है। इस प्रक्रिया से माँ – बच्चे के बीच गहरा और भावनात्मक जुड़ाव बढ़ता है। ऐसा करने से शिशु को पहली बार ‘Colostrum’ पीने में भी हेल्प मिलती है।
2. शिशु की मांग पर दूध पिलाएं (Feeding on Cue)- बेबी को दुग्ध पिलाने के लिए एक निर्धारित समय (शेड्यूल) तय बिलकुल न करें, माँ अपने बच्चे के भूख के संकेतों, Rooting Reflex- सिर घुमाना, मुँह खोलना, हाथ मुँह में ले जाना इत्यादि को पहचानें और उसी के अनुसार शिशु को दूध पिलाएं। नवजात शिशु को आमतौर पर 24 घंटे में 8 से 12 बार दूध पिलाने की जरुरत होती है।
3. सही प्रकार की Latching पर ध्यान दें- सही मैचिंग ही सफलता की कुंजी है। स्तन में दर्द हो तो अंगुली डालकर लैच तोड़ें और दोबारा से स्तनपान कराने का प्रयास करें।
4. अपना आहार और पानी की मात्रा ठीक रखें- संतुलित और पौष्टिक आहार लें। शरीर में पानी की कमी न होने दे। समय समय पर पानी और अन्य तरल पदार्थ जैसे कि- दूध, नारियल पानी, छाछ, सूप, इत्यादि। आयुर्वेद के अनुसार सतावरी, घी, दालें, साबुत अनाज, हरी पत्तेदार सब्जियाँ, मौसमी फल, मेवे फायदेमंद हैं, लेकिन संतुलित मात्रा में। अत्यधिक तला-भुना, मसालेदार, गैस बनाने वाले भोजन से हमेशा बचें।
5. पर्याप्त आराम करें- जब भी शिशु सोए, माँ को भी सोने की कोशिश करनी चाहिए। अत्याधिक थकान दूध उत्पादन को प्रभावित कर सकती है। घर के भारी कामों में परिवार के अन्य सदस्यों की मदद लें।
6. आरामदायक वातावरण- हमेशा ध्यान रखें कि रहने का स्थान शांत, आरामदायक हो। लेटते समय तकियों का उपयोग करें ताकि शिशु को सहारा मिले और आपकी पीठ व बाहों पर ज्यादा जोर न पड़े।
7. धैर्य रखें- माँ और शिशु दोनों के लिए सही तरीके से स्तनपान कराना एक सीखने की प्रक्रिया है। शुरुआती दिनों में कुछ चुनौतियाँ आ सकती हैं, लेकिन घबराने की जरुरत नहीं है, धैर्य और अभ्यास से धीरे धीरे यह आसान हो जाता है।
8. सहायता मांगने में संकोच न करें- अगर स्तनपान के दौरान दर्द हो, लैच न लग पा रहा हो, दूध कम लगे या शिशु का वजन न बढ़ रहा हो, तो तुरंत डॉक्टर, नर्स या प्रशिक्षित लैक्टेशन कंसलटेंट से सलाह लें। भारत में AYUSH मंत्रालय के कई अस्पतालों में लैक्टेशन सपोर्ट उपलब्ध करा रखी है।
9. बोतल और निप्पल शील्ड का जल्दी इस्तेमाल न करें- शुरुआती हफ्तों में बोतल या पैसिफायर देने से शिशु का लैच प्रभावित हो सकता है, यानि कि बेबी को Nipple Confusion हो सकता है। पहले कुछ सप्ताह स्तनपान को अच्छी तरह से स्थापित होने दें।
10. आत्मविश्वास रखें- कई बार कमजोरी की वजह से दूध कम बनता है तो माँ का आत्मविश्वास कम होने लगता है। ऐसी परिस्थिति में अपने शरीर और उसकी क्षमता पर विश्वास करें। लगभग सभी महिलाएं सफलतापूर्वक स्तनपान करा सकती हैं, बस आपको नकारात्मक टिप्पणियों से विचलित होने से बचने की जरुरत है।
| मिथक | तथ्य |
|---|---|
कुछ महिलाओं का दूध पतला होता है, वो पोषण नहीं देता। |
माँ का दूध हमेशा शिशु के लिए पर्याप्त पोषक तत्वों से भरपूर होता है। शुरुआती दूध, बच्चे को संक्रमण और बीमारियों से बचता है, प्यास बुझाता है, और पानी की जरूरत को भी पूरी करता है, बाद का दूध वसा से भरपूर होता है और वजन बढ़ाने में मदद करता है। दोनों बहुत जरूरी हैं। |
स्तनपान कराने से स्तन ढीले पड़ जाते हैं। |
स्तनों के आकार में बदलाव गर्भावस्था, उम्र, धूम्रपान और वजन घटने-बढ़ने के कारण होता है, स्तनपान के कारण नहीं। सही सपोर्टिव ब्रा पहनने से मदद मिल सकती है। |
छोटे स्तनों में कम दूध बनता है। |
स्तन का आकार दूध उत्पादन की क्षमता से संबंधित नहीं है। दूध ग्रंथियों के ऊतकों से बनता है, जो छोटे स्तनों में भी पर्याप्त मात्रा में होते हैं। लगातार शिशु की मांग पर दूध पिलाने से आपूर्ति बनी रहती है। |
स्तनपान के दौरान बीमार होने पर दूध नहीं पिलाना चाहिए। |
सर्दी-जुकाम, बुखार या डायरिया जैसी सामान्य बीमारियों में भी स्तनपान जारी रखना चाहिए। माँ के शरीर में बीमारी से लड़ने के लिए बनने वाले एंटीबॉडीज दूध के जरिए शिशु तक पहुँचते हैं, और बच्चे को संक्रमण से बचाते हैं। अगर दवा लेने की जरूरत महसूस हो तो डॉक्टर से परामर्श करके ही कोई दवा लें। |
स्तनपान कराने वाली माँ को खाने में कड़ी पाबंदी रखनी चाहिए। |
सामान्य तौर पर सभी प्रकार के भोजन खाए जा सकते हैं, बशर्ते शिशु को कोई असुविधा (जैसे गैस, एलर्जी, दाने) न हो। संतुलित और विविध आहार जरूरी है। कुछ विशिष्ट खाद्य पदार्थों से परहेज करने की सलाह अक्सर अनावश्यक होती है। इसके लिए अपने डॉक्टर से सलाह लें। |
स्तनपान स्वास्थ्य शिक्षा: समाज की भूमिका (Breast Feeding Health Education)
स्तनपान की सफलता केवल माँ पर ही निर्भर नहीं करती है, बल्कि इसके लिए पति, परिवार, समाज और स्वास्थ्य प्रणाली की सहायक भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है-
परिवार का समर्थन- माँ बनकर बच्चे को पालना कोई आसान काम नहीं है, इस लिए उसे अपने पति और परिवार के सदस्य के भावनात्मक समर्थन की हमेशा जरूरत होती है। परिवार को चाहिए की वह घर के कामों में हाथ बटाएँ ताकि माँ अपने आराम और बच्चे के स्तनपान पर ध्यान दे सके।
कार्यस्थल पर सुविधाएँ- कामकाजी माताओं के लिए कार्यस्थल पर क्रेच की सुविधा, ब्रेस्टफीडिंग ब्रेक और दूध निकालने व स्टोर करने की उचित व्यवस्था होनी चाहिए।
सार्वजनिक स्थानों पर स्वीकार्यता- सार्वजनिक स्थानों पर स्तनपान कराना एक प्राकृतिक और आवश्यक प्रक्रिया है, इसे मान सम्मान से जोड़ने की जरूरत नहीं है। मैंने अपने हरियाणा के ग्रामीण समाज में देखा है कि माताएं बेझिझक अपने बच्चों को स्तनपान कराती हैं, यही कारण है कि हरियाणा के बच्चे हट्टे कट्टे मजबूत होते हैं। समाज को चाहिए कि वह स्तनपान को सामान्य रूप से देखे और माताओं को सहज महसूस कराए।
स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण- सभी राज्यों में डॉक्टरों, नर्सों और आशा कार्यकर्ताओं को स्तनपान से संबंधीत सही जानकारी और समर्थन देने के लिए नियमित प्रशिक्षण मिलना चाहिए, और समय समय पर समाज को शिक्षित और जागरूक करने के लिए उनके साथ संचार माध्यमों द्वारा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाना चाहिए।
FAQs: Breastfeeding
माँ के पहले दूध को क्या कहते हैं?
माँ के पहले दूध को कोलोस्ट्रम (Colostrum) हिंदी में खीस कहते हैं। यह बहुत ही पौष्टिक होता है जो शिशु की रोगप्रतिरोधक क्षमता को बढ़ता है। हर माँ को अपने नवजात बच्चे को यह जरूर पिलाना चाहिए।
ब्रेस्टफीडिंग के क्या फायदे हैं?
ब्रेस्टफीडिंग के बच्चे और माँ को अनेक फायदे मिलते हैं जैसे कि शिशु को भरपूर पौषण, रोगप्रतिरोधक क्षमता में इजाफा, शारीरिक मजबूती, माँ के साथ भावनात्मक जुड़ाव इसके आलावा माँ को भी अनेक फायदे मिलते हैं जैसे कि प्रसव के बाद होने वाले रक्त स्राव को रोकता है। मोटापे को काम करता है। मधुमेह से बचाता है। बच्चे के भावनात्मक जुड़ाव को स्ट्रांग करता है। इनके आलावा भी अनेक फायदे हैं।
बच्चे को कितने दिन तक मां का दूध पिलाना चाहिए?
WHO के अनुसार बच्चे को कम से कम 6 महीने से एक साल तक माँ का दूध पिलाना चाहिए, लेकिन यह अवधि 2 से ढाई साल तक भी हो जाये तो कोई गलत नहीं है। हमारी दादी माँ हमें बताती थी की 5 साल तक भी उसके कुछ बच्चों ने ब्रेस्टफीडिंग की है।
अगर दूध कम बन रहा हो तो क्या करें?
सबसे पहले बच्चे की मांग पर बार-बार ब्रेस्टफीडिंग कराएं। दोनों स्तनों से दूध पिलाएं। कम से कम तनाव लें और अधिक से अधिक आराम करें। पर्याप्त मात्रा में पानी और पौष्टिक आहार लें। भोजन में वो चीजें शामिल करें जिनसे दूध बढ़ने में हेल्प मिलती है, जैसे सौंफ, जीरा, मेथी दाना, लहसुन, दलिया, बादाम इत्यादि। जरुरत पड़ने पर लैक्टेशन कंसलटेंट से सलाह लें।
क्या स्तनपान के दौरान व्यायाम कर सकते हैं?
हाँ, स्तनपान के दौरान हल्का-फुल्का व्यायाम कर सकते हैं। आप टहलना, आसान योगासन शुरू कर सकती हैं, लेकिन किसी भी प्रकार का व्यायाम डॉक्टर की सलाह के बाद ही करें, क्योंकि या आपकी प्रेगनेंसी की स्थिति पर पूर्ण रूप से निर्भर करता है। अगर व्यायाम करने जा रही हैं तो पहले स्तनपान जरूर करा लें या दूध निकाल लें। खूब पानी पिएं। ज्यादा हेवी व्यायाम न करें।
निष्कर्ष: प्रेम और पोषण का अटूट बंधन और स्वस्थ व मजबूत, समाज का आधार
Breastfeeding नवजात शिशु और माँ के लिए प्रकृति का वह अनूठा तोहफा है जो एक नन्हे जीवन को पोषण देता है और माँ को उसके मातृत्व की संपूर्णता का अहसास कराता है। यह बच्चे के लिए केवल भोजन मात्र नहीं है, बल्कि माता के प्रेम, सुरक्षा और जीवन भर के मजबूत स्वास्थ्य का आधार है। मां के दूध से शिशु को मिलता है अद्वितीय और अतुलनीय पोषण और रोगों से लड़ने की अद्भुत क्षमता, तो माता को मिलते हैं अनेक दीर्घकालिक स्वास्थ्य लाभ और सबसे महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय अपने बच्चे के साथ भावनात्मक जुड़ाव और यादें।
पहली बार मां बनने वाली महिलाओं के लिए शुरुआती चुनौतियाँ हो सकती हैं, जैसे कि Latching में दिक्कत, स्तन में दर्द, थकावट या स्तनों में दूध की मात्रा को लेकर चिंता। यह आम बात है बस आपको धैर्य, सही जानकारी (Breastfeeding Health Education), सही तकनीक (Breastfeeding Techniques for Newborn) होनी चाहिए। इसके अलावा परिवार व स्वास्थ्यकर्मियों की हेल्प और सहयोग से ये सभी समस्याएं दूर हो जाती हैं, बस आपको याद रखना है कि हर शिशु और माँ की जोड़ी अलग और अद्वितीय होती है। अपने हिसाब से सीखें और अपने बच्चे के साथ इन अद्भुत और सुखद पलों का आनंद लें।
वास्तव में स्तनपान सभी स्तनधारी एनिमल्स के लिए वरदान है, खासकर हम मनुष्यों के लिए, इसी लिए इसके महत्व और गुणों को समझने और समझाने की हमारी सबसे ज्यादा जिम्मेदारी है, क्योंकि हम ही इस पूरी पृथ्वी पर सबसे एडवांस सोशल एनिमल्स हैं। स्तनपान का समर्थन करना केवल माता की ही जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे मानव समाज की जिम्मेदारी है। आज से ही हम सब एक प्रण लें कि समाज के साथ मिलकर हम एक ऐसा वातावरण बनाएंगे जहाँ कहीं भी, कभी भी, सभी माताएं अपने शिशु को स्तनपान कराने में सहज, सुरक्षित और सशक्त महसूस करे। यह केवल निजी फायदे की बात नही है बल्कि यह एक मजबूत, सभ्य और स्वस्थ समाज और राष्ट्र का आधार है।
परामर्श:
यह लेख सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या स्तनपान में कठिनाई होने पर स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ या प्रशिक्षित लैक्टेशन कंसलटेंट से अवश्य परामर्श लें।
⚠️ डिस्क्लेमर (Disclaimer)
हमारा एक मात्र उद्देश्य है आप तक सही जानकारी पहुंचाना। यह पूर्ण रूप से उपयोगकर्ता पर निर्भर है कि दी गई इस जानकारी को किस प्रकार उपयोग करता है। हमारी प्रार्थना है कि उपयोगकर्ता इसे केवल जानकारी समझकर ही ग्रहण करें, इसके अलावा, इस जानकारी के किसी भी प्रकार के उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी। यहाँ उपलबध जानकारी के लिए हिन्दुविशेष.कॉम और लेखक पूर्ण सत्यता का दावा नहीं करता है।
- 📘 Charak SamhitaAcharya Agnivesha
- 📘 Sushruta SamhitaSushruta
- 🔗 UNICEF – Breastfeeding
- 🔗 Infant and young child feeding (WHO)
- 🔗 National Guidelines for Infant and Young Child Feeding, Ministry of Health and Family Welfare Government of India
- 🔗 American Academy of Pediatrics (AAP) Policy on Breastfeeding
- 🔗 हिंदी लेखन गूगल इनपुट टूल









